प्रताप गढ़ , नवम्बर 01 -- उत्तर प्रदेश के प्रताप गढ़ जिले में थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने रविवार को दहेज हत्या के अभियोग से संबंधित सास , ससुर और पति को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वादी निवासी ग्राम बनकट लोदी (नगईपुर), थाना महराजगंज, जनपद जौनपुर की पुत्री की शादी निखिल पटेल निवासी ग्राम गधियावां, थाना आसपुर देवसरा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर, सास एवं ननद द्वारा दहेज में दोपहिया वाहन एवं एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे प्रताड़ित एवं मारपीट किया जाता था।

गत 28 जुलाई को काजल द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने की सूचना पर परिजन उसे उपचार हेतु प्रयागराज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हुए जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।

इस संबंध में थाना आसपुर देवसरा में मु0अ0सं0 205/2026 धारा 80(2)/85/351(3) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट बनाम 04 नामजद के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित