यमुनानगर , अक्टूबर 23 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रतापनगर, यमुनानगर ने रोष प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़ो' के नारों के साथ पैदल मार्च निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
कार्यक्रम की शुरुआत वालिया टेंट हाउस से हुई और मार्च मुख्य बस स्टैंड चौक पर संपन्न हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया।
जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक नागरिक को मताधिकार का स्वतंत्र व निष्पक्ष उपयोग करने का अधिकार है। लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सरपंच पंडित अमित मुज़ाफत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास कायम रहना आवश्यक है।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष वेद प्रकाश मेहरामपुर, महासचिव मुकेश पाल, बलदेव श्योराण, ब्लॉक अध्यक्ष छछरौली गुरदीप सिंह, जिला पार्षद नर्वेल सिंह, जयचंद कश्यप, मान सिंह प्रधान, तरुण वालिया, दीपक सरपंच, रवि जैलदार, अब्दुल सरपंच, प्रेमचंद शर्मा, दीन मोहम्मद, सिंदर बक्करवाला, उजल सिंह, अंकुश देवघर, सुल्तान अली, प्रदीप वालिया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित