प्रतापगढ़ , अक्टूबर 26 -- बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रतापगढ समेत उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों में 28 से 30 अक्टूबर के बीच तेज झोंकेदार हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात एवं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जनपद को येलो जोन में रखा गया है।
जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने किसानों को आंधी-तूफान एवं वज्रपात के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों के नीचे तथा जलभराव वाले स्थानों पर आश्रय न लेने की सलाह दी है। बिजली के खंभों, तारों एवं धातु के कृषि यंत्रों से दूरी बनाए रखें। पशुओं को भी खुले स्थान पर न छोड़ें और सुरक्षित बाड़े में रखें। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए फसल, कृषि उपज एवं पशुधन की सुरक्षा के लिए समय रहते आवश्यक इंतजाम कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित