प्रतापगढ़ , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मां बेल्हा देवी धाम, प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन जंक्शन की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में मंगलवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ के माध्यम से रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा गया।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि प्रतापगढ़ जंक्शन पर यात्रियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जेल रोड स्थित गेट संख्या 82-ए पर फाटक बंद होने से घंटों जाम लगता है और मरीजों को भी परेशानी होती है। उन्होंने यहां अंडरपास बनाए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान बंद की गईं पैसेंजर ट्रेनें अभी तक शुरू नहीं हुई हैं। स्टेशन की नई बिल्डिंग का निर्माण भी धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने स्टेशन पर लिफ्ट, स्वचालित सीढ़ी और मेडिकल स्टोर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पद्मावत एक्सप्रेस में प्रतापगढ़ कोटे से दो एसी, तीन एसी और एक स्लीपर कोच बढ़ाने की भी मांग की।

मनरेगा प्रभारी एवं उत्तर रेलवे मेंस यूनियन के पूर्व मंडल मंत्री रवि भूषण सिन्हा ने कहा कि महाकाल एक्सप्रेस वाराणसी से इंदौर के बीच चलती है और सुल्तानपुर में इसका ठहराव है, लेकिन प्रतापगढ़ में नहीं है। इसी तरह डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस भी प्रतापगढ़ से होकर गुजरती है, लेकिन यहां ठहराव नहीं है। उन्होंने दोनों ट्रेनों का प्रतापगढ़ में ठहराव किए जाने की मांग की।

उन्होंने बेगमपुरा एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन प्रतापगढ़ होकर चलाने की मांग करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को जम्मू के लिए सीधी रेल सेवा मिल सकेगी। उन्होंने प्रतापगढ़ से बनने वाली पद्मावत, भोपाल और उद्योग नगरी एक्सप्रेस में स्थानीय यात्रियों के लिए अलग बर्थ कोटा निर्धारित करने की भी मांग की।

श्री सिन्हा ने आरोप लगाया कि आरक्षण कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं और तत्काल टिकट की कालाबाजारी को लेकर यात्रियों तथा दलालों के बीच विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने भुपियामऊ अंडरपास का निर्माण तेजी से पूरा कराने की मांग की। उनका कहना था कि रेलवे द्वारा फाटक बंद किए जाने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि इन समस्याओं पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित