प्रतापगढ़ , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रतापगढ़ जिले में हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय बदमश को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि परमेश कुमार पटेल को एसटीएफ यूनिट कानपुर ने कानपुर देहात के बारा टोल प्लाजा के पास से पकड़ा जिसे रविवार को प्रतापगढ़ लाया गया। वह प्रतापगढ़ में दर्ज एक हत्या के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम गहरू का पुरवा, मजरा अब्दुल वाहिदगंज निवासी वादिनी की ननद (55) पिछले सात वर्षों से उसके साथ रह रही थीं। उनका अपने सौतेले पुत्र से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
आरोप है कि एक फरवरी 2026 की शाम करीब सात बजे कुछ अज्ञात लोग घर में घुस आए और महिला के कमरे में पहुंचकर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इस मामले में थाना नवाबगंज में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार परमेश कुमार पटेल पर रायबरेली और प्रतापगढ़ जिलों में हत्या, गैर इरादतन हत्या, लूट, धोखाधड़ी और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम समेत लगभग आधा दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित