प्रतापगढ़ , जून 09 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के साइबर थाना पुलिस ने बैंक केवाईसी (केवाईसी) अपडेट कराने के नाम पर 6.52 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बिहार के बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर निवासी सुरेन्द्र नट को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ साइबर थाना प्रतापगढ़ में कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ शहर के अष्टभुजा नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आठ दिसंबर 2025 को उसे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक अधिकारी बताते हुए केवाईसी अपडेट नहीं होने पर बैंक खाता बंद किए जाने की बात कही। इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का कथित फर्जी एपीके (एपीके) लिंक भेजकर उससे व्यक्तिगत जानकारियां प्राप्त कर ली गईं।

पुलिस के अनुसार अगले दिन पीड़ित के बैंक खाते से कुल 6,52,401.29 रुपये विभिन्न खातों में स्थानांतरित कर लिए गए। मामले की जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरे व्यक्ति के नाम से सिम कार्ड प्राप्त किया था और उसे अपने बैंक खाते से जोड़कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 112(2), 340(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-सी और 66-डी के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी लिंक और एप्लीकेशन के जरिए लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित