प्रतापगढ़ , अक्तूबर 07 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को 'लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया।
सपा कार्यालय मीराभवन से निकला मार्च अंबेडकर चौराहा पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया और उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस्तीफा होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पुतला दहन के दौरान पुलिस ने समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के विधानसभा अध्यक्ष (विश्वनाथगंज) रामखेलावन यादव, बूथ अध्यक्ष चंद्रशेखर पाल और वरिष्ठ सपा नेता एवं अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतला छीनने को लेकर हुई झड़प में पूर्व विधायक रामशिरोमणि शुक्ला और जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी के घायल होने की भी जानकारी है।
प्रदर्शन में सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल, रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक रामसिंह पटेल, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव, पूर्व विधायक राजकुमार पाल समेत सैकड़ों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित