प्रतापगढ़ , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में शुक्रवार शाम हुए एक सड़क हादसे में कार सवार दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि महेशगंज थाना क्षेत्र के हुलासगढ़ बाजार के पास शाम लगभग चार बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अन्नू गौतम और ऋचा गौतम निवासी राजगढ़, थाना कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि कार में सवार सभी लोग राजगढ़ से मनगढ़ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित