प्रतापगढ़ , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश शासन एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रतापगढ़ जिले में चलाये जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान के तहत रविवार रात यातायात पुलिस और हथिगवां थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि हथिगवां थाना क्षेत्र के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर रात आठ से 11 बजे तक चले अभियान के दौरान टोल प्लाजा से गुजरने वाले करीब 427 वाहनों की जांच की गयी। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों के शराब के सेवन की भी जांच की गयी।
उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल पर 21 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। वहीं हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से संबंधित 40 चालान कर दो लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित