प्रतापगढ़ , जून 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना कुंडा पुलिस ने विवाहिता को प्रेम संबंधों के बहाने प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना कुंडा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ग्राम शिवचरन का पुरवा, सरियावा थाना कुंडा निवासी दीपक यादव पुत्र दूधनाथ यादव को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, वादी निवासी अगोरी बाजार लरू, थाना कुंडा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी माता को दीपक यादव ने पिछले लगभग दो वर्षों से प्रेम संबंधों के बहाने अपने प्रभाव में रखा था। इस दौरान आरोपी ने विभिन्न बहानों से उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये प्राप्त कर लिए। विरोध करने पर वह उन्हें बदनाम करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
शिकायत के अनुसार, लगातार हो रही प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर महिला ने 11 जून 2026 को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कुंडा में मुकदमा अपराध संख्या 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 में नामजद अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान आरोपी दीपक यादव की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित