प्रतापगढ़ , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले में अंतू थाना क्षेत्र के उगई नेवादा गांव में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिला।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका की पहचान फातिमा बानो के रूप में हुई है। करीब आठ वर्ष पूर्व उसकी शादी साबिर के साथ हुई थी। दो वर्ष पहले साबिर की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद फातिमा अपने दो बच्चों अवीवा (6) और माही (4) के साथ परिवार में रह रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी है। उसका मायका रायबरेली जिले के परसदेपुर थाना क्षेत्र के पदुमपुर गांव में बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित