प्रतापगढ़ , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के ककरहा मिरिया गांव में रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 19 वर्षीय युवती का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह लगभग सात बजे गांव के लोगों ने युवती का शव उसके घर से करीब 100 मीटर दूर एक आम के पेड़ से लटका देखा। शव के पास कुछ दूरी पर उसकी चप्पल और कपड़े भी पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंडा अमरनाथ ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मानिकपुर थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित