प्रतापगढ़ , मार्च 17 -- प्रतापगढ़ में मनरेगा के अंतर्गत कार्य करने वाले मजदूरों को लंबे समय से मजदूरी न मिलने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकास भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्य विकास अधिकारी की अनुपस्थिति में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा की अनुपस्थिति में परियोजना निदेशक दयाराम यादव के माध्यम से सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश में मनरेगा के अंतर्गत कार्य करने वाले लाखों मजदूरों को लंबे समय से उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये का मनरेगा भुगतान लंबित है, जिससे गरीब मजदूर परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा और एसआईआर प्रभारी राम शिरोमणि वर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि इस योजना को जमीनी स्तर पर संचालित करने वाले ग्राम रोजगार सेवकों सहित लगभग 40 हजार संविदा कर्मियों को भी कई महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनके सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है।
पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विजय शंकर तिवारी और प्रशांत सिंह प्रिंशु ने कहा कि मानदेय न मिलने से कर्मचारियों और मजदूरों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। उन्होंने रायबरेली जिले में एक रोजगार सेवक द्वारा आत्महत्या की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार से बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित