प्रतापगढ़ , मई 12 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले की थाना सांगीपुर पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि थाना लीलापुर के एक मुकदमे में वांछित तथा करीब एक दर्जन आपराधिक मामलों में संलिप्त अभियुक्त राम आधार तिवारी निवासी ग्राम लेहरा थाना सोरांव जनपद प्रयागराज को बीती देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगीपुर भेजा गया है।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध असलहा, कारतूस, मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान लालगंज की ओर से हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर वह मोटरसाइकिल तेज गति से भगाकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तथा अन्य पुलिस टीमों को घेराबंदी के लिए सूचना दी गई। घेराबंदी के दौरान रोकने का प्रयास किए जाने पर अभियुक्त मोटरसाइकिल से गिर गया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त घायल हो गया और उसे धर दबोचा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित