प्रतापगढ़ , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने शुक्रवार को बताया कि थाना लीलापुर पुलिस द्वारा रात करीब 10 बजे चेकिंग के दौरान संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से अफजल उर्फ जानी और उसका साथी अरमान शेख घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी जानलेवा हमले के एक मामले में वांछित थे। थाना क्षेत्र के सिद्धौर गांव निवासी सलमान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल की शाम वह ग्रामीणों के साथ खेल रहा था, तभी बाइक सवार करीब 11 लोग मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर दहशत फैलाने लगे। शोर मचाने पर ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।

इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित