प्रतापगढ़ , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बाघराय थाना पुलिस ने आठ जुलाई को हुई युवक की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए मृतक के पिता को पुत्र की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बोटा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बाघराय थाना क्षेत्र के कमोली वीरभानपुर गांव निवासी शिवम पाण्डेय की आठ जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को हत्या की आशंका हुई और जांच में सामने आया कि शिवम की हत्या उसके पिता शेष मणि पाण्डेय ने की थी।
पुलिस ने बताया कि शेष मणि पाण्डेय द्वारा अपने पुत्र की हत्या किए जाने तथा घटना को दुर्घटना दर्शाकर साक्ष्य छिपाने का प्रयास करने के संबंध में बाघराय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पुत्र की लकड़ी के बोटे से प्रहार कर हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का एक बोटा बरामद कर उसे कब्जे में लेकर सील कर दिया।
पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित