प्रतापगढ़ , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सोमवार सुबह मटटन नाले में नहाने गए भाई-बहन गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर उदयपुर थाना क्षेत्र के गाड़ी दर्रा गांव निवासी अरविंद सिंह के पुत्री आयसा सिंह (13) और पुत्र राम सिंह (7) सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव के तीन अन्य बच्चों के साथ सांगीपुर थाना क्षेत्र के दुल्लापुर घाट स्थित मटटन नाले में नहाने गए थे। नहाने के दौरान आयसा सिंह और राम सिंह गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में डूब गए, जबकि उनके साथ गए अन्य तीन बच्चे सकुशल घर लौट आए। बच्चों ने ही परिजनों को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी। क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण मटटन नाले में जलस्तर बढ़ा हुआ है तथा तेज बहाव के चलते राहत एवं खोज अभियान में कठिनाई आ रही है।

क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी ने बताया कि पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश अभियान चला रही है। समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित