प्रतापगढ़ , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना पट्टी पुलिस ने अपहरण, एससी/एसटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित मामले में आरोपी अल्ताफ रजा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अल्ताफ रजा (19), पुत्र शेर अली उर्फ शेरे, निवासी ग्राम रमईपुर नेवादा, थाना पट्टी, को बुधवार को थाना क्षेत्र के बीबीपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पंचायत भवन सरसतपुर के एक कमरे से एक बुर्का भी बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसे एक अज्ञात व्यक्ति के सुपुर्द करने की योजना बना रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता था तथा बाहर ले जाते समय उसे बुर्का पहनाता था।
मामला तब दर्ज किया गया जब वादी ने अपनी 17 वर्षीय भांजी को बहला-फुसलाकर ले जाने, धर्म परिवर्तन का विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना पट्टी में तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, पॉक्सो एक्ट तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित