प्रतापगढ़ , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि रानीगंज थाने में वर्ष 2018 में तैनात एक महिला सिपाही का कस्बा रस्तीपुर निवासी सोनू उर्फ वीर बहादुर से परिचय था, जो बाद में नजदीकी संबंधों में बदल गया। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया।

पीड़िता का कहना है कि उसने शादी के लिए आरोपी पर दबाव बनाया, लेकिन उसने टालमटोल की। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के परिवार और करीबी लोगों से भी मदद मांगी, लेकिन कोई सहयोग नहीं मिला। उसने थाना स्तर पर भी शिकायत की, जहां कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।

दो दिन पहले पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार शाम आरोपी वीर बहादुर समेत आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेंद्र लाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित