प्रतापगढ़ , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना कुण्डा पुलिस ने जालसाजी, धोखाधड़ी और पासपोर्ट अधिनियम से जुड़े मामले में रविवार को दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अफसर अली निवासी अत्ता नगर तथा मोहम्मद कलीम निवासी मियां का पुरवा, नवरंगाबाद जमेठी, थाना कुण्डा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। दोनों को थाना क्षेत्र कुण्डा के दुखिया चौराहे के पास एक चाय की दुकान से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अभियुक्तों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग नाम, पता और जन्मतिथि दर्शाते हुए दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाए थे। जांच में पासपोर्ट के विवरणों में स्पष्ट भिन्नता पाई गई, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इस संबंध में थाना कुण्डा पर मुकदमा अपराध संख्या 123/26 एवं 125/26 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471, 474 तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(बी) और 12(1)(सी) के अंतर्गत नामजद अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित