प्रतापगढ़ , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार को 70 फीट गहरे सूखे कुएं में गिरे एक व्यक्ति को बचाने के लिए फायर सर्विस के जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। कुएं में जहरीली गैस होने के बावजूद टीम ने अभियान चलाकर बेहोशी की हालत में पड़े व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पटकौली गांव में 55 वर्षीय अशोक कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय हरि लाल यादव के सूखे कुएं में गिरने की सूचना फायर सर्विस सदर को मिली। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि अशोक कुमार यादव कुएं के अंदर बेहोश पड़े थे। कुएं की जांच में जहरीली गैस होने की जानकारी सामने आई, जिससे बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस के जवानों ने सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए बचाव अभियान चलाया। फायरकर्मी गणेश कुमार यादव को बीए सेट (ब्रीदिंग अपरेटस) पहनाकर कुएं के अंदर उतारा गया। टीम के सदस्यों ने आपसी तालमेल और सावधानी के साथ अभियान को अंजाम दिया और अशोक कुमार यादव को जीवित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
इस अभियान में फायर सर्विस के जवानों ने मानव जीवन की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित