प्रतापगढ़ , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में मंगलवार को धान की रोपाई के दौरान खेत में घुसे एक जंगली सूअर के हमले में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मौके पर मौजूद पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला बाल-बाल बच गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खेत में मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे, तभी अचानक एक जंगली सूअर वहां पहुंच गया और मजदूरों पर हमला कर दिया। हमले में पंकज सरोज, किशन, अखिलेश और देवी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान खेत पर मौजूद पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला सुरक्षित बच गए। मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी कर जंगली सूअर को मार डाला।
घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगली सूअरों के आतंक से निजात दिलाने तथा प्रभावी रोकथाम के उपाय किए जाने की मांग की है। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित