प्रतापगढ़ , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बीती रात कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के ढकवा हाईवे पर कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार शिवा (20) तथा श्याम अग्रहरि (25) , निवासी कोइरीपुर थाना चांदा (सुल्तानपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को समीप के चांदा स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं बाइक पर सवार तीसरा युवक साहिल सोनी (24) , निवासी कोइरीपुर थाना चांदा, गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार जौनपुर जिले में चल रहा है।
घटना की सूचना पर आसपुर देवसरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी राकेश चौरसिया ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित