प्रतापगढ़ , जून 2 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार गौतम (25) सोमवार रात पट्टी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे दीवानगंज बाजार चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि प्रमोद कुमार सड़क पर उछलकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर दीवानगंज चौकी प्रभारी एवं उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखरनाथ धाम पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित