प्रतापगढ़ , जून 09 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में नवाबगंज थाना पुलिस ने अपहरण एवं अवैध धर्म परिवर्तन से संबंधित मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी मुजाइद अली पुत्र जाविर अली को काला कांकर अंडरपास के निकट भैरव बाबा स्थान के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक ई-स्टांप पर तैयार निकाह संबंधी अनुबंध (निकाहनामा) भी बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि दयालपुर लवाना गांव निवासी वादी ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि तीन जून की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। अगले दिन सुबह उनकी पुत्री घर पर नहीं मिली। परिजनों द्वारा तलाश करने पर पता चला कि गांव का ही निवासी मुजाइद अली कथित रूप से उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पुलिस के अनुसार काफी खोजबीन के बावजूद युवती का पता नहीं चलने पर वादी की तहरीर के आधार पर थाना नवाबगंज में मुकदमा अपराध संख्या 84/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित