जयपुर , मार्च 23 -- राजस्थान के प्रतापगढ़ जिल में पुलिस ने करीब एक करोड़ 15 लाख रुपए कीमत का अवैध डोडा-चूरा बरामद किया हैं।

प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के अनुसार पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत एक करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।

श्री आदित्य ने सोमवार को बताया कि रविवार को डीएसटी टीम ने एक संदिग्ध पिकअप का पीछा कर धरियावद थाना पुलिस को सूचना दी गई और नाकाबंदी में तस्करों ने नाकाबंदी तोड़कर पुलिस की जीप को टक्कर मारी और उदयपुर की तरफ भागे। पीछा करने के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर 15-16 राउंड फायर किए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी देख तस्कर आरामपुरा के जंगलों में गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 38 कट्टों में भरा अवैध डोडा-चूरा और एक कारतूस बरामद हुआ। धरियावद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित