प्रतापगढ़ , जून 18 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिला कारागार में निरुद्ध एक सिद्धदोष बंदी की मृत्यु के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

जिला सूचना विभाग द्वारा गुरुवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जांच अधिकारी ने आमजन, संबंधित पक्षों तथा संस्थाओं से मामले से जुड़े साक्ष्य, दस्तावेज, तथ्य अथवा बयान उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जिसके पास भी इस प्रकरण से संबंधित कोई जानकारी हो, वह आगामी 10 दिनों के भीतर तहसील सदर स्थित कार्यालय में उपस्थित होकर अपना लिखित या मौखिक पक्ष प्रस्तुत कर सकता है। प्राप्त साक्ष्यों और बयानों के आधार पर मजिस्ट्रियल जांच पूरी कर रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी जाएगी।

जिला कारागार अधीक्षक द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, सिद्धदोष बंदी राधेश्याम (72) विभिन्न धाराओं के तहत जिला कारागार में निरुद्ध था। बंदी की चार जून को प्रातः 6:56 बजे जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। बंदी की मृत्यु के कारणों और उससे संबंधित परिस्थितियों की जांच के लिए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पक्षों से सहयोग करने और उपलब्ध तथ्यों को जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित