प्रतापगढ़ , सितम्बर 17 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन पर जन साधरण एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मंजूरी मिल गयी है।
राज्य सभा सांसद के प्रतिनिधि राय साहब सिंह ने गुरुवार को बताया कि राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य द्वारा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर प्रतापगढ़ के मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई थी। इसके जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 13257/13258 दानापुर-आनंद विहा र जनसाधारण एक्सप्रेस के प्रतापगढ़ स्टेशन पर ठहराव को स्वीकृति प्रदान की है।
सांसद अमर पाल मौर्य ने अपने पत्र में बताया था कि जनसाधारण एक्सप्रेस आम यात्रियों, छात्रों, श्रमिकों, मरीजों एवं निम्न आय वर्ग के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन है। प्रतापगढ़ में ठहराव नहीं होने के कारण जिले के यात्रियों को अमेठी अथवा अन्य स्टेशनों तक जाना पड़ता था।
जनसाधारण एक्सप्रेस के ठहराव से प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बिहार एवं दिल्ली की ओर आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ स्टेशन जिले का प्रमुख रेलवे केंद्र है और मां बेल्हा देवी मंदिर भी स्टेशन के निकट स्थित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित