बैतूल , अगस्त 01 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में कथित मानसिक प्रताड़ना और झूठे मामले में फंसाने की धमकियों से परेशान होकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने एक युवती और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरी आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को पांढरढाना खेड़ीसावलीगढ़ निवासी आकाश राठौर (24) संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद गंभीर हालत में मिला था। परिजन उसे पहले बैतूल के निजी अस्पताल और बाद में नागपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान आकाश ने अपने भाई विकास, बहन नंदनी और एक अन्य गवाह के सामने आरोप लगाया कि विशाखा उर्फ गौरी अग्रवाल उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। उसने यह भी कहा कि उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने और युवराज ठाकुर से पिटवाने की धमकी दी जा रही थी। इसी तनाव और बदनामी के डर से उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कोतवाली पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), परिजनों और गवाहों के बयान सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया प्रताड़ना के चलते आत्महत्या का मामला सामने आया।

पुलिस ने शुक्रवार को विशाखा उर्फ गौरी अग्रवाल और युवराज ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राकेश कुमार सरयाम को सौंपी गई है। पुलिस ने युवराज ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित