अलवर , मई 29 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में ललावंडी गांव में शुक्रवार को एक युवक ने कुछ लोगों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।

मृतक ने गुरुवार को आत्महत्या से पहले फेसबुक पर लाइव वीडियो प्रसारित करके कुछ लोगों पर मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाये थे। मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस थाना रामगढ़ में नामजद शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

मृतक के भाई विजय कुमार शर्मा ने बताया कि उसका भाई जोगिन्दर उर्फ छोटू पिछले करीब तीन महीनों से मानसिक तनाव में था। गुरुवार को वह घर से बिना बताये कहीं चला गया था। इसी दौरान उसने अपने मोबाइल फोन से फेसबुक पर लाइव आकर कुछ लोगों के नाम लेते हुए कहा कि वे उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। वीडियो में युवक ने खुद को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किये जाने की बात कही। इसके अलावा युवक ने लाइव वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।

शुक्रवार को मध्याह्न करीब 12 बजे मृतक का बड़ा भाई रवि गांव के पास जंगल क्षेत्र में गया, जहां उसने जोगिन्दर को मोटर खींचने वाले तिपाहिए से लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने तुरंत परिवारजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने युवक को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी गयी।

सूचना पर रामगढ़ थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस युवक को रामगढ़ उप जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने कुछ लोगों के खिलाफ उनके पुत्र को प्रताड़ित करने की शिकायत दर्ज कराई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित