मुंबई , अक्टूबर 19 -- पूर्व भारतीय ऑफ़ स्पिनर रमेश पोवार को भारतीय पुरुष टीम के चयन समिति का नया सदस्य नियुक्त किया गया है। क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) की सिफ़ारिश के बाद बीसीसीआई ने उनके नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस फ़ैसले के बाद टेस्ट मैचों की वरिष्ठता के आधार पर पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा (24 टेस्ट मैच) अब चयन समिति के नए अध्यक्ष (चीफ़ सिलेक्टर) होंगे।

अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सदस्यता वाली सीएसी ने मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए, जिसके बाद पोवार के नाम की सर्वसम्मति से सिफ़ारिश की गई। पोवार वेस्ट ज़ोन से पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की जगह पैनल में शामिल हुए हैं।

पोवार ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। संन्यास के बाद वह कोचिंग में लगातार सक्रिय रहे। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच रहने के अलावा मुंबई और गुजरात की घरेलू टीमों के मुख्य कोच भी रहे। इसके अलावा वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (सीओई) में स्पिन गेंदबाज़ी कोच की भूमिका भी संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का ख़िताब जीता था और कॉमनवेल्थ गेम्स (2022) में रजत पदक अपने नाम किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित