नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अपनी सरकार के एक साल का 'रिपोर्ट कॉर्ड' पेश करते हुए कहा कि सरकार ने कड़ी मेहनत कर दिल्ली में कार्य-संस्कृति बदली है और कई महत्वपूर्ण काम किये हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ यहां सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक साल पहले आज ही के दिन उन्होंने यहीं कार्यभार संभाला था, इसलिए अपने काम-काज की रिपोर्ट पेश करने के लिए भी इसी जगह को चुना। उन्होंने कहा, "यह रिपोर्ट कॉर्ड हमारी कड़ी मेहनत को दर्शाता है। हमने बहाने बनाने के बजाय दिल्ली को विकास की ओर अग्रसर किया है। हमने दिल्ली की कार्य-संस्कृति को बदल दिया है। पिछली सरकार शोर मचाने में विश्वास करती थी, जबकि हमारी सरकार काम करने में विश्वास रखती है। हम 'मैं' की नहीं बल्कि 'हम' की राजनीति कर रहे हैं।"इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वीडियो दिखाया, जिनमें पिछले 365 दिनों के दौरान स्वास्थ्य, यमुना की सफाई, निवेश, शिक्षा और शहर के समग्र कायाकल्प की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार ने दिल्ली को एक कदम आगे ले जाने के लिए हर दिन काम किया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना को लागू करने का निर्णय पहली कैबिनेट बैठक में लिया गया था और अब तक 30,000 से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो चुके हैं। झुग्गी-झोपड़ी वाले क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार ने 700 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झुग्गीवासियों को मकान देने का वादा पूरा किया जा रहा है। पुराने फ्लैटों को आधुनिक आवास इकाइयों में पुनर्विकसित किया जा रहा है और पहले चरण में 13,000 फ्लैट लाभार्थियों को सौंपे जायेंगे। उन्होंने आगे कहा कि श्रमिकों को सबसे अधिक न्यूनतम मजदूरी दिल्ली प्रदान कर रही है। महिला श्रमिकों के बच्चों के लिए लगभग 500 पालना घर खोले गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित