समस्तीपुर , अक्टूबर 5 -- बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के कार्यकाल में बिहार का चौमुखी विकास हो रहा और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से गठबंधन की सरकार बनेगी।
समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के नरघोघी हाईस्कूल मैदान में आज जदयू विधायक और बिहार के जलसंसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के समर्थन मे एक दिवसीय राजग कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
श्री जायसवाल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार ने बिहार के उज्जवल भविष्य की नींव रखी है और प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में हर क्षेत्रों मे काम हो रहा है। उन्होंने राजद सरकार की चर्चा करते हुए कहा कि आज भी बिहार के लोग लालू-राबड़ी के शासनकाल को भूले नहीं हैं।
इस सम्मेलन को बिहार के सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, मदन सहनी,जनक राम, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, , लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष अभय सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रदेश महासचिव रामपुकार सिन्हा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित