मुरादाबाद , मई 22 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल में भीषण गर्मी, उमस और लू के साथ मच्छरों का प्रकोप भी जानलेवा स्तर पर पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। शुक्रवार को मंडल में इस सीजन का सबसे गर्म दिन और रात दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक होकर 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल जिलों में भीषण लू चलने की आशंका जताई है। गर्म हवाओं और उमस के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग घरों में रहने को मजबूर रहे।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 25 मई से 2 जून तक 'नौतपा' की शुरुआत हो रही है, जिसे वर्ष के सबसे गर्म नौ दिन माना जाता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपा आरंभ होता है, जबकि वैज्ञानिक दृष्टि से इस दौरान सूर्य और पृथ्वी के बीच दूरी कम होने तथा सूर्य की किरणें सीधे पड़ने के कारण तापमान चरम पर पहुंच जाता है। मौसम विभाग के अनुसार मंडल के कई क्षेत्रों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
भीषण गर्मी का असर अस्पतालों में भी दिखाई देने लगा है। डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, चक्कर और अत्यधिक थकान के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। चिकित्सकों ने लोगों को चेतावनी दी है कि हीट स्ट्रेस के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सावधानी बरतें, क्योंकि लापरवाही मस्तिष्क, गुर्दे और हृदय के लिए घातक साबित हो सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मुरादाबाद मंडल के सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिला अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक वार्ड आरक्षित किए गए हैं तथा पर्याप्त दवाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। अमरोहा के जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने शुक्रवार को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और श्रमिकों को धूप से बचने की सलाह दी गई है। बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों और पशुपालकों को भी मौसम में हो रहे बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना से कुछ राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन फिलहाल मुरादाबाद मंडल को अगले एक सप्ताह तक प्रचंड गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित