चंडीगढ़ , जनवरी 30 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारत सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म 'प्रगति' की सराहना करते हुए कहा है कि यह मंच विकास परियोजनाओं को गति देने और जन शिकायतों के त्वरित समाधान में अहम भूमिका निभा रहा है।

श्री सैनी ने शुक्रवार को कहा कि यह प्लेटफॉर्म केंद्र, राज्य और केंद्रीय मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ योजनाओं की वास्तविक समय में निगरानी को संभव बनाता है।

उन्होंने कहा कि 'प्रगति' पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी शासन का प्रतीक है। यह विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में एक मजबूत आधार प्रदान कर रहा है। इसके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और लाभों का प्रभावी वितरण सुनिश्चित हुआ है।

श्री सैनी ने बताया कि हरियाणा में कुल 112 प्रमुख परियोजनाएं निगरानी में हैं। इनमें से 57 परियोजनाएं पूरी होकर चालू हो चुकी हैं। शेष 55 परियोजनाएं 5.44 लाख करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न चरणों में कार्यान्वयनाधीन हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित