प्रतापगढ़ , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में स्ट्रॉबेरी की व्यावसायिक खेती ने दस्तक दे दी है। विकास खंड बाबा बेलखरनाथ धाम के ग्राम सरखेलपुर के प्रगतिशील कृषक मो. नईम उर्फ पप्पू "मैंगो वाले" ने परंपरागत खेती से हटकर स्ट्रॉबेरी उत्पादन की दिशा में पहल करते हुए जिले में नई कृषि संभावना को जन्म दिया है। आम के व्यवसाय से जुड़े रहे नईम ने उद्यान विभाग के सहयोग से पहली बार व्यावसायिक स्तर पर स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की। विभाग की ओर से उन्हें 'स्वीट चार्ली' प्रजाति के 5,000 पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए गए, जबकि उन्होंने स्वयं महाराष्ट्र के महाबलेश्वर क्षेत्र से 'पार्थेनोप 115 पी.बी.आर.' प्रजाति के 20,000 पौधे मंगवाए। कुल 0.40 हेक्टेयर भूमि में नवंबर माह में रोपण कर आधुनिक तकनीक, संतुलित पोषण प्रबंधन एवं नियमित सिंचाई व्यवस्था के माध्यम से फसल तैयार की गई।

वर्तमान में उनके खेत से प्रतिदिन औसतन 60 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली स्ट्रॉबेरी का उत्पादन हो रहा है। बाजार में उन्हें 250 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से थोक मूल्य प्राप्त हो रहा है।

प्रयागराज में आयोजित मंडलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में नईम ने स्ट्रॉबेरी की दो अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनका चयन 'राइजिंग प्रतापगढ़' कार्यक्रम के अंतर्गत नवोन्मेषी कृषक के रूप में भी किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित