चंडीगढ़ , मई 28 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध उर्दू शायर डॉ. बशीर बद्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

यहां जारी शोक संदेश में श्री संधवां ने डॉ. बद्र को आधुनिक उर्दू साहित्य का महान हस्ताक्षर बताया और कहा कि उन्होंने ग़ज़ल को कठिन प्रतीकों और जटिल अभिव्यक्तियों से निकालकर आम लोगों के दिलों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि डॉ. बद्र का निधन भारतीय साहित्य जगत के एक स्वर्णिम युग का अंत है। उनके शेर अपनी सादगी, भावनात्मक गहराई और मानवीय संवेदनाओं के कारण हमेशा याद किये जाएंगे।

अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. बद्र की साहित्यिक विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी और दुनिया भर के शायरी प्रेमियों के दिलों में उनका विशेष स्थान बना रहेगा।

श्री संधवां ने दिवंगत शायर के परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि प्रख्यात उर्दू शायर, आधुनिक ग़ज़ल के उस्ताद और पद्मश्री सम्मान से अलंकृत डॉ. बद्र का आज भोपाल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से दुनिया भर में फैले उनके लाखों प्रशंसकों और उर्दू अदब से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित