लुधियाना , जून 22 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाये जा रहे 'संपर्क से समर्थन' कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. एस.एस. जौहल से उनके लुधियाना स्थित आवास पर मुलाकात की।
इस दौरान उनके साथ भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश महासचिव अनिल सरीन भी मौजूद रहे। बैठक में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी।
मुलाकात के दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए उठाये गये विभिन्न कदमों और नीतिगत पहलों की जानकारी साझा की। साथ ही कृषि क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर डॉ. जौहल से सुझाव भी लिये गये।
पद्मश्री डॉ. एस.एस. जौहल ने इस अवसर पर भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को याद करते हुए कहा कि दोनों के बीच किसानों और कृषि से जुड़े मुद्दों पर समय-समय पर चर्चा होती रही है। बैठक में खेती को अधिक टिकाऊ, लाभदायक और आर्थिक रूप से व्यवहारिक बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। कृषि क्षेत्र में उभरती चुनौतियों का सामना करने और किसानों की दीर्घकालिक समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए नवीन दृष्टिकोण अपनाने पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान और अधिवक्ता बिक्रम सिंह सिद्धू भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित