अहमदाबाद , जनवरी 13 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद के बोड़कदेव क्षेत्र में स्थित प्रकाश मनोदिव्यांग निवासी शाला का मंगलवार को दौरा किया और स्कूल की विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी हासिल की। इस स्कूल के 27 विद्यार्थियों ने जिला और राज्य स्तर पर स्पेशल खेल महाकुंभ में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते हैं।

संस्था की ट्रस्टी डॉ. सुजाताबेन शाह ने संस्था की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए इस अवसर पर कहा कि संस्था की स्थापना से लेकर अब तक कुल 1500 से अधिक बच्चों ने इस स्कूल में पढ़ाई की है। वर्तमान में लगभग 100 बच्चों को अक्षरों, रंगों और आकृतियों को पहचानने के अलावा फिजियोथेरेपी सहित अन्य प्रशिक्षण दिए जाते हैं। गत महीने अमेरिका के प्यूर्टो रिको में आयोजित यूनिफाइड ओलंपिक बास्केटबॉल प्रतिस्पर्धा में स्कूल के हित सावंत नाम के विद्यार्थी ने कांस्य पदक जीता है। जबकि, कुल 27 विद्यार्थियों ने जिला और राज्य स्तर पर स्पेशल खेल महाकुंभ में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते हैं।

श्री पटेल ने मनोदिव्यांग बच्चों को प्रशिक्षण देने के कार्य की तुलना उत्तम सेवा के साथ की। वे उत्तरायण से पूर्व आज सुबह बोड़कदेव स्थित इस मनोदिव्यांग स्कूल में पहुंचे। उन्होंने परिवार के किसी बड़े-बुजुर्ग की तरह वात्सल्य व स्नेह भाव से मनोदिव्यांग बच्चों को मिठाई वितरित कर उन्हें उत्तरायण पर्व की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित