मुंबई , अक्टूबर 10 -- वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में चुनाव आयोग के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन का समर्थन करते हुए लोगों से इस आंदोलन के समर्थन में मुंबई के हुतात्मा चौक पर जुटने की अपील की।

श्री आंबेडकर ने संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि ट्रेनों को रद्द करना, मेट्रो स्टेशनों को बंद करना और अन्य प्रतिबंध इसलिए लगाए गए हैं ताकि प्रदर्शनकारी दिल्ली न पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने का संवैधानिक अधिकार है और विरोध-प्रदर्शन में बाधा डालने की कोशिशों को तानाशाही या सत्तावादी रवैया बताया।

उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड्स पर रोका जा रहा है और प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को इसमें शामिल होने से रोकने के लिए नोटिस, गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की धमकी का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से आंदोलन को शांतिपूर्वक चलने देने की अपील की।

श्री आंबेडकर ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को यह याद रखना चाहिए कि उन्हें जनता ने पांच साल के कार्यकाल के लिए चुना है और देश उनकी जागीर नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को लोकतांत्रिक स्वतंत्रता को नुकसान पहुंचाए बिना अपने अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए।

गौरतलब है कि सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ यह विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया है। यह प्रदर्शन मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में हेरफेर के आरोपों और मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले 'फॉर्म 6' से जुड़े बदलावों को लेकर किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित