नयी दिल्ली , अगस्त 25 -- सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग को उत्कृष्ट प्रकाशन के लिए फेडरेशन ऑफ इंडियन पब्लिशर्स अवार्ड्स फॉर एक्सीलेंस इन बुक प्रोडक्शन 2026 में सात पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि प्रकाशन विभाग की हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू में प्रकाशित पुस्तकों, पत्रिकाओं और संदर्भ प्रकाशनों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया है। इनमें चार द्वितीय और तीन तृतीय पुरस्कार शामिल हैं।
प्रकाशन विभाग के महानिदेशक डॉ. धीरज काकड़िया ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रकाशनों के संपादकों को सम्मानित किया और विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये सात पुरस्कार अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्टता का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि प्रकाशन विभाग हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू में उत्कृष्ट पुस्तकों और पत्रिकाओं के माध्यम से पाठकों तक ज्ञान, साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विचारों एवं दृष्टिकोणों को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा प्रकाशित सामग्री राष्ट्रीय विकास, ज्ञान-विज्ञान, साहित्य, संस्कृति, कला और समकालीन मुद्दों से संबंधित विविध विषयों को पाठकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
द्वितीय पुरस्कार पाने वाले प्रकाशनों में 'भारत 2026' को संदर्भ पुस्तकों की हिंदी श्रेणी में दूसरा पुरस्कार मिला है। 'विंग्स टू अवर होप्स-वॉल्यूम 2' को जनरल एंड ट्रेड बुक्स की अंग्रेजी श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं 'विकसित भारत@2047' विषय पर आधारित 'योजना-जुलाई 2026' को पत्रिकाओं और गृह पत्रिकाओं की हिंदी श्रेणी में दूसरा पुरस्कार मिला। ग्रामीण विकास पर 1952 से प्रकाशित हो रही मासिक पत्रिका 'कुरुक्षेत्र' को पत्रिकाओं और गृह पत्रिकाओं की अंग्रेजी श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
तृतीय पुरस्कार पाने वाले प्रकाशनों में 'धरती की सेहत' को बाल साहित्य (सामान्य रुचि), 0-10 वर्ष, हिंदी श्रेणी में तीसरा पुरस्कार मिला। 'रंगोली रूप सुर ले की' को कला एवं कॉफी टेबल बुक्स की हिंदी श्रेणी में तृतीय पुरस्कार मिला। इसके अलावा 'आजकल उर्दू-जुलाई 2026' को जर्नल्स एंड हाउस मैगजीन्स की भारतीय भाषाओं (उर्दू) श्रेणी में तीसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित