कोल्हापुर , जुलाई 18 -- महाराष्ट्र में कामरेड गोविंद पानसरे की लिखी मशहूर किताब 'शिवाजी कौन होता' (शिवाजी कौन थे) के प्रकाशक प्रशांत अम्बी ने कोल्हापुर जिला अदालत में शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक संजय गायकवाड़ के खिलाफ एक निजी शिकायत दर्ज करा कर आरोप लगाया है कि वह किताब के नाम को लेकर उन्हें फोन पर लगातार प्रताड़ित और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
श्री अम्बी ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार के गृह विभाग, कोल्हापुर जिला पुलिस अधीक्षक और राजारामपुरी थाना प्रभारी को भी शिकायत पत्र सौंपे हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए पिछले तीन महीनों से धरने और प्रदर्शन जैसे लोकतांत्रिक तरीकों से लगातार संघर्ष चल रहा है, जिसमें उनके 14 साथी घायल भी हुए हैं। इसके बावजूद जब पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, तो उन्होंने उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिला अदालत का दरवाजा खटखटाया।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, राजारामपुरी पुलिस ने फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मिलने के बाद भी विधायक को गिरफ्तारी से बचाने के लिए केवल एक हल्की और गैर-संज्ञेय धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। वकीलों ने पुलिस अधीक्षक को कानूनी नोटिस भेजकर मांग की थी कि इस मामले को भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी कानून (आईटी एक्ट) के तहत प्राथमिकी में बदला जाए, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
अदालत के डेढ़ महीने पहले जांच की मंजूरी दिए जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित