देवास , मई 17 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र में चौबारा-धीरा रोड पर ग्राम बैराखेड़ी के पास प्याज से भरी आयशर गाड़ी पलट जाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना देर रात करीब 12 बजे बैराखेड़ी के पास स्थित 90 डिग्री के अंधे मोड़ पर हुई। आयशर वाहन क्रमांक एमपी 09 जीजी 3681 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे उसमें सवार मजदूर प्याज की बोरियों के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था और मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना के बाद चालक वाहन से कूदकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्राम बैराखेड़ी के ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन की मदद से बोरियां हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला।
सूचना पर पीपलरावा थाना प्रभारी सुबोध गौतम और बालोन चौकी प्रभारी कपिल नरवरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया।
सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सोनकच्छ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई। दो गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। बताया गया है कि सभी मजदूर ग्राम बालोन के निवासी हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बैराखेड़ी के पास स्थित 90 डिग्री का अंधा मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से वहां चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित