नयी दिल्ली , अक्टूबर 7 -- सरकार ने बुधवार को कहा कि देश में प्याज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और हाल के दिनों में नयी आवक से इसके थोक और खुदरा भावों में गिरावट का रुख दर्ज किया गया है।
केंद्रीय उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में ब्याज बाजार की स्थिति पर एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री की सुविधा बढ़ा कर 123 शहरों में तक पहुंचा दी है। आठ कांदा एक्सप्रेस मालगाड़ियां चलायी जा रही हैं और माल को उत्पादक केंद्रों से खपत वाली जगहों तक पहुंचाने के लिए 467 ट्रक लगाये गये है। साथ ही बफर प्याज की चरणबद्ध और रणनीतिक बिक्री का भी विस्तार किया गया है ताकि ग्राहकों को यह सस्ते भाव पर सुलभ रहे।
विज्ञप्ति में दर्शाया गया है कि 21 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में प्याज के खुदरा भावों में 10.45 प्रतिशत से 0.57 प्रतिशत तक की गिरावट आयी है।
मंत्रालय का कहना है कि खरीफ प्याज के रकबे में वृद्धि, अनुकूल फसल परिस्थितियां, बाजार में पर्याप्त आवक और ताजा खरीफ प्याज की आपूर्ति शुरू होने से बाजार में आपूर्ति की स्थिति बेहतर हुई है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और राजस्थान सहित प्रमुख प्याज उत्पादक राज्यों से ताजा खरीफ प्याज की आवक शुरू हो गई है।
प्याज के स्टॉक से बाजार की मांग को पूरा किया जा रहा है। आने वाले सप्ताहों में इन उत्पादक क्षेत्रों से प्याज की आवक और बढ़ने की उम्मीद है। इससे आगामी त्योहारी सीजन के दौरान उपभोक्ता बाजारों में प्याज की कुल उपलब्धता में और सुधार होगा।
मंत्रालय ने कहा है कि खरीफ में प्याज की खेती का अखिल भारतीय रकबा पिछले वर्ष लगभग 5 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान है जबकि पिछले साल भी रकबा अच्छा था। प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में फसल की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
महाराष्ट्र में थोक बाजार में भाव लगभग 13 प्रतिशत गिरा है और 16 सितंबर के लगभग 4,030 रुपये प्रति क्विंटल से गिर कर 3 अक्टूबर को घटकर लगभग 3,475 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर था।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले दो सप्ताह में 126 शहरों में प्याज की खुदरा कीमतों में 1 रुपये से 21 रुपये प्रति किलोग्राम तक की कमी दर्ज की गई है। तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे प्रमुख उपभोक्ता राज्यों में भी प्याज की कीमतों में कमी देखने को मिली है।
अब तक सरकार ने 123 शहरों में आठ कांदा एक्सप्रेस मालगाड़ी और 467 ट्रकों के माध्यम से 2 लाख क्विंटल से अधिक प्याज बाजार में उतारा है। सरकार अतिरिक्त रेल रेक भी तैनात करने की योजना बना रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित