श्रीगंगानगर , जनवरी 31 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस हाई-वे पर पुलिस ने शनिवार को देर शाम एक कैंटर में अवैध रूप से ले जाया जा रहा करीब दो क्विंटल डोडा-पोस्त बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह कैंटर जोधपुर से प्याज की बोरियां लादकर अमृतसर (पंजाब) जा रहा था। प्याज की बोरियों के नीचे प्लास्टिक के कट्टों में भरकर डोडा पोस्त छुपाया हुआ था।
जिला पुलिस के विशेष दल (डीएसटी) ने संदेह के आधार पर राजियासर क्षेत्र में कैंटर को रोककर उसकी जांच की तो उसमें भारी मात्रा में पोस्त बरामद हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कैंटर के चालक और परिचालक श्रीराम एवं जेठाराम निवासी मथानिया, जिला जोधपुर को गिरफ़्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित