पौड़ी, 12जनवरी (वार्ता) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत पौड़ी के विकासखंड द्वारीखाल की न्याय पंचायत ठंठोली में सोमवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर विधायक रेनू बिष्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राज्य सरकार की इस जनोपयोगी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर आमजन को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं तथा इससे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही संभव हो पा रहा है।

नोडल अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी द्वारीखाल जयकृत बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में विद्युत, पेयजल, वन, घेरबाड़, सड़क, पुल आदि से संबंधित कुल 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया है। शिविर के माध्यम से कुल 238 स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित