नयी दिल्ली , अक्टूबर 08 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को यहाँ कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क के एम्फीथिएटर में 'प्लांट मंडला रंगोली' का उद्घाटन करने के बाद कहा कि भारतीय कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा का प्रतीक मंडला रंगोली इस बार जीवित पौधों के माध्यम से तैयार की गई है, जो कला और प्रकृति के अनूठे संगम को दर्शाती है।

श्रीमती गुप्ता ने कहा कि मंडला का स्वरूप केंद्र से बाहर की ओर फैलते पैटर्न, संतुलन और सामंजस्य के माध्यम से जीवन की पूर्णता और आपसी जुड़ाव का प्रतीक माना जाता है। जीवित पौधों से तैयार इस रचना ने इस विचार को और अधिक जीवंत रूप दिया है। उन्होंने कहा कि मंडला में लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल कलात्मक रचना का हिस्सा नहीं, बल्कि पौधारोपण, पौधों की रक्षा और पोषण तथा दिल्ली के वन एवं शहरी हरित क्षेत्रों को संरक्षित एवं विकसित करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरित क्षेत्रों की रक्षा करने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित दिल्ली का अर्थ केवल आधुनिक बुनियादी ढांचा और आर्थिक प्रगति नहीं है। विकसित दिल्ली वह होगी, जहां विकास के साथ प्रकृति, स्वच्छ हवा, हरित क्षेत्र और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को भी समान महत्व दिया जाए। उन्होंने कहा कि 'प्लांट मंडला रंगोली' के माध्यम से 'विकसित भारत 2047' और 'विकसित दिल्ली' के संकल्प को एक साथ अभिव्यक्त किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'हम करके रहेंगे' के संकल्प और विश्वास को भी इस अनूठी पौधों की रंगोली के माध्यम से दोहराया गया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों का घर और भारत की विविधता एवं जीवंतता का प्रतीक है। जिस प्रकार मंडला के प्रत्येक तत्व से मिलकर एक सुंदर रचना पूर्ण होती है, उसी प्रकार प्रत्येक पौधा और हरित क्षेत्र मिलकर स्वस्थ पर्यावरण और बेहतर जीवन-स्तर के निर्माण में योगदान देता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली विकसित भारत की व्यापक यात्रा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित