पौड़ी , मई 13 -- उत्तराखंड के पौडीं की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सतपुली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर डीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए, जबकि बायोमैट्रिक उपस्थिति से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सीसीटीवी और बायोमैट्रिक व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित एवं विलंब से पहुंचने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपस्थिति पंजिका अपने कब्जे में लेते हुए स्वास्थ्य केंद्र का आहरण-वितरण प्रभार मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ओपीडी रजिस्टर का निरीक्षण किया तो पाया कि मरीजों के उपचार, परामर्श और दी गई दवाओं का पूरा विवरण अभिलेखों में दर्ज नहीं किया जा रहा है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी चिकित्सकीय विवरण नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने डिस्पेंसरी, प्रयोगशाला और प्रसव कक्ष का भी निरीक्षण किया। प्रसव कक्ष में स्वास्थ्य कर्मी हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं और एएनसी से संबंधित अद्यतन आंकड़े प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर जिलाधिकारी ने सभी हाई रिस्क गर्भवतियों की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण पंजिका के निरीक्षण में भी कई अभिलेख अद्यतन नहीं मिले। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जन्म से निर्धारित आयु तक सभी बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा छूटे हुए बच्चों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सतपुली रेखा आर्य, चिकित्सक डॉ. अनंता सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित