पौड़ी गढ़वाल , मार्च 25 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में चलाए जा रहे "नशा मुक्त देवभूमि" अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को रामनगर से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 12 मार्च को कोतवाली लैन्सडाउन पुलिस एवं सीआईयू टीम ने सघन जांच अभियान के दौरान दो संदिग्ध वाहनों से कुल 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस कार्रवाई में यशवंत सिंह और लव कुमार को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को जब्त कर दिया गया।
मामले की गहन जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क को गांजा उपलब्ध कराने वाला एक अन्य आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश देने के बाद आरोपी रामस्वरुप नौटियाल उर्फ रब्बू (30), निवासी अल्मोड़ा जिला को मंगलवार को नैनीताल जिले के रामनगर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो मोबाइल, एक आईफोन 16 तथा एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित