पौड़ी , मई 29 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन प्रहार" के तहत शुक्रवार को पौड़ी पुलिस ने एक युवक को 4.13 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1.24 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर/श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एनआईटी श्रीनगर के समीप एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.13 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान लक्की भंडारी (26), निवासी भक्तियाना, श्रीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में मामले के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। पूछताछ और आपराधिक इतिहास की जांच में पता चला कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2017 और वर्ष 2026 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक स्मैक की आपूर्ति किस माध्यम से पहुंची और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित